पंजाब में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार ने नई ‘रिवॉर्ड पॉलिसी’ शुरू की है, जिसके तहत अपराधियों और गैंगस्टरों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी देने वाले लोगों को इनाम दिया जाएगा।
इस नई नीति के तहत पुलिस को यह अधिकार दिया गया है कि वे वांछित अपराधियों और उनके नेटवर्क के बारे में सही जानकारी देने वाले मुखबिरों को इनाम दे सकें। इनाम की राशि अपराध की गंभीरता और जानकारी की गुणवत्ता के आधार पर तय की जाएगी।
सरकार ने इस अभियान के तहत 28 मोस्ट वांटेड अपराधियों की सूची भी जारी की है। ‘गैंगस्टर ते वार’ प्रोजेक्ट के अंतर्गत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अलग-अलग स्तर पर इनाम मंजूरी देने की शक्तियां दी गई हैं, जिसमें SSP से लेकर DGP स्तर तक की मंजूरी शामिल है।
इस पॉलिसी का उद्देश्य लोगों की भागीदारी बढ़ाकर राज्य में सक्रिय गैंगस्टर नेटवर्क को खत्म करना और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करना है। सरकार का कहना है कि दी गई जानकारी की पूरी जांच के बाद ही इनाम दिया जाएगा और मुखबिर की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
अधिकारियों के अनुसार, यह योजना ‘एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन’ के माध्यम से लागू की जा रही है, जहां लोग 9394693946 पर वांछित अपराधियों से जुड़ी जानकारी साझा कर सकते हैं। पुलिस का दावा है कि इस पहल से अपराध नियंत्रण में बड़ी मदद मिलेगी और राज्य को सुरक्षित बनाने में जनता की भागीदारी बढ़ेगी।
‘गैंगस्टर ते वार’ अभियान के तहत पहले भी हजारों छापेमारी और गिरफ्तारियां की जा चुकी हैं, जिससे पुलिस को अपराधियों के नेटवर्क को कमजोर करने में सफलता मिली है।

