प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उनके नेतृत्व की सराहना करते हुए सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा की है। उन्होंने कहा कि इन 12 वर्षों में देश ने सुशासन और विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं।
सीएम मोहन यादव ने कहा कि 12 वर्ष पहले देश ने विश्वास और उत्साह के साथ नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री चुना था, लेकिन उन्होंने स्वयं को हमेशा “प्रधानसेवक” के रूप में प्रस्तुत किया और 140 करोड़ देशवासियों की सेवा को ही अपना कर्तव्य माना।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के संकल्प के साथ समाज के हर वर्ग के लिए कार्य किया गया है। विशेष रूप से गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है।
सीएम ने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत और मुद्रा योजना ने लोगों के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है।
उन्होंने यह भी कहा कि कोविड महामारी के दौरान सरकार ने निःशुल्क राशन और वैक्सीन उपलब्ध कराकर देश को बड़ी राहत दी और कई देशों को वैक्सीन भेजकर “वसुधैव कुटुंबकम्” की भावना को मजबूत किया।
मोहन यादव ने दावा किया कि बीते वर्षों में करीब 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं और देश डिजिटल इंडिया, स्वच्छ भारत अभियान और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) जैसी योजनाओं के जरिए तेजी से प्रगति कर रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है।


