महिला प्रोफेसर की हत्या मामले में बड़ा खुलासा, दो आरोपी पकड़े गए

shikha verma
2 Min Read

दिल्ली के न्यू अशोक नगर में महिला प्रोफेसर की हत्या मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी पश्चिम बंगाल के वर्धमान के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

प्रॉपर्टी विवाद बना हत्या की वजह

पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या की वजह संपत्ति विवाद था। मृतका प्रोफेसर की पश्चिम बंगाल में अपने नाना की संपत्ति थी, जिसमें आरोपी पति-पत्नी किराएदार थे। बताया जा रहा है कि प्रोफेसर उस संपत्ति को वापस लेने के लिए लगातार दबाव बना रही थीं, जिससे विवाद बढ़ गया।

बच्चे के साथ दिल्ली आकर की साजिश

जांच के अनुसार, आरोपियों ने हत्या की योजना पहले से बनाई थी। घटना वाले दिन पति-पत्नी अपने छोटे बच्चे के साथ पश्चिम बंगाल से दिल्ली पहुंचे। उन्होंने सोसाइटी में मिलने के बहाने ‘फ्रेंडली एंट्री’ ली ताकि किसी को शक न हो। इसके बाद उन्होंने कथित तौर पर हथियार से प्रोफेसर की हत्या कर दी।

पुलिस की कई राज्यों में कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस की सात टीमों ने चार राज्यों में छापेमारी की। जांच के दौरान लगभग 200 लोगों को रडार पर लिया गया और 13 संदिग्धों से पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद पति-पत्नी की भूमिका सामने आई, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

आगे की जांच जारी

दिल्ली पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग की है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी।

इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि स्थानीय लोगों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।

Share This Article
Leave a Comment