मध्य प्रदेश मौसम : कई जिलों में घने कोहरे का अलर्ट, न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज, जानें शहरों का हाल-IMD अपडेट

Bole India
3 Min Read

पश्चिमी विक्षोभ और ऊपरी हवा के चक्रवातीय परिसंचरण के कारण उत्तरी और पूर्वी मध्य प्रदेश में कोहरे और तेज ठंड का असर देखने को मिल रहा है। आज शनिवार को भी एक दर्जन से ज्यादा जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है।इस दौरान सुबह 10 बजे तक कोहरा छाए रहने की संभावना है।इसका ज्यादा असर मालवा-निमाड़ और ग्वालियर चंबल संभाग में देखने को मिलेगा।कोहरे के कारण शताब्दी, मालवा, पंजाब मेल समेत कई ट्रेनें लेट चल रही है। भोपाल-इंदौर से दिल्ली और मुंबई की उड़ानों पर भी असर देखने को मिल रहा है।इस समय किसानों को टमाटर, मिर्च, फूलगोभी और सरसों की फसलों पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।

मध्य प्रदेश मौसम विभाग का ताजा पूर्वानुमान

भोपाल मौसम केन्द्र के मुताबिक, एक पश्चिमी विक्षोभ, ऊपरी हवा के चक्रवातीय परिसंचरण के रूप में जम्मू एवं निकटवर्ती क्षेत्रों में माध्य समुद्र तल से 3.1 किमी की ऊंचाई पर सक्रिय है। एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ, ऊपरी हवा के चक्रवातीय परिसंचरण के रूप में दक्षिण-पश्चिम ईरान एवं निकटवर्ती क्षेत्रों में माध्य समुद्र तल से 5.8 किमी की ऊंचाई पर सक्रिय है। उत्तर भारत के ऊपर माध्य समुद्र तल से 12.6 किमी की ऊँचाई पर लगभग 185 किमी/घंटा की गति से उपोष्ण पश्चिमी जेट स्ट्रीम हवाएं बह रही है जिससे ठंड का असर देखने को मिल रहा है। आने वाले दिनों में तापमान में बदलाव देखने को मिलेगा और ठंड से भी राहत मिलने की उम्मीद है।

आज शनिवार को इन जिलों में घने कोहरे का अलर्ट

ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी ,सिंगरौली में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट । जबलपुर, दमोह, कटनी, मैहर और उमरिया-शहडोल में येलो अलर्ट।

शुक्रवार को कहां कैसा रहा मध्य प्रदेश का मौसम

  • ग्वालियर-चंबल, रीवा, सागर और जबलपुर-शहडोल संभाग के करीब 20 जिलों में सुबह घना कोहरा छाया रहा।
  • शिवपुरी में सबसे कम 4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इंदौर भी ज्यादा ठंडा रहा। दिसंबर माह में इस सीजन की सबसे ठंडी रात रही।
  • इंदौर में पारा 4.1 डिग्री ,भोपाल में 6.4 डिग्री, उज्जैन में 7.2 डिग्री, जबलपुर में 8.6 डिग्री और ग्वालियर में 11.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
  • बालाघाट का मलाजखंड सबसे ठंडा रहा, जहां दिन का पारा 20.7 डिग्री दर्ज किया गया।

Share This Article
Leave a Comment