एक ही आंगन से निकली डोली और अर्थी, शादी बना दर्दनाक हादसा

shikha verma
2 Min Read

शहडोल (मध्य प्रदेश): जिले के गोहपारू क्षेत्र के ग्राम पहलवा में एक शादी समारोह उस समय गहरे शोक में बदल गया, जब विदाई से ठीक पहले दूल्हे के पिता की अचानक मौत हो गई। जहां एक ओर घर में शादी की रस्में और खुशियों का माहौल था, वहीं कुछ ही पलों में पूरा घर मातम में डूब गया।

रीना सिंह और हरीश सिंह की शादी पूरे रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुई थी। शादी के बाद रातभर जश्न चलता रहा और सुबह विदाई से पहले हल्दी-पानी की रस्म निभाई जा रही थी। परिवार और रिश्तेदार खुशी में नाच-गा रहे थे। इसी दौरान दूल्हे के पिता धरम दास परस्ते भी खुशी में शामिल होकर नाच रहे थे, लेकिन अचानक वे नाचते-नाचते जमीन पर गिर पड़े और बेहोश हो गए।

परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस खबर के मिलते ही शादी का पूरा माहौल चीख-पुकार और सदमे में बदल गया। दूल्हा अपने पिता की अचानक मौत से पूरी तरह टूट गया।

हालांकि सामाजिक और पारिवारिक परिस्थितियों के चलते दुल्हन की विदाई की रस्म पूरी की गई। विदाई के समय माहौल बेहद भावुक हो गया। दुल्हन आंसुओं के साथ अपने ससुर की अर्थी के पीछे-पीछे ससुराल के लिए रवाना हुई। एक ही आंगन से डोली और अर्थी एक साथ निकलने का दृश्य देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं।

पुलिस ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग इसे एक बेहद भावुक और दर्दनाक हादसा बता रहे हैं।

Share This Article
Leave a Comment