मानसून की बारिश से नैनी झील में जमा मलबा हटाने का काम शुरू

Nikhil Malhotra
1 Min Read

भू-वैज्ञानिक रिपोर्ट के आधार पर हो रही सफाई

पायनियर समाचार सेवा। नैनीताल। मानसून के दौरान हुई अत्यधिक बारिश के कारण नैनी झील के विभिन्न हिस्सों में जमा हुए मलबे और डबरी को हटाने का काम शुरू कर दिया गया है। प्रशासन की ओर से झील की पारिस्थितिकी को सुरक्षित रखते हुए वैज्ञानिक तरीके से मलबे का निस्तारण किया जा रहा है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि बारिश के दौरान नालों और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी मात्रा में मलबा झील में पहुंच गया था। पानी में मलबा घुलने से पहले ही उसे हटाने की कार्रवाई शुरू की गई है।

इसके लिए सबसे पहले विशेषज्ञ भू-वैज्ञानिकों की रिपोर्ट ली गई, ताकि झील की पारिस्थितिकी और जल गुणवत्ता पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। उन्होंने बताया कि भू-वैज्ञानिकों की रिपोर्ट के आधार पर सिंचाई विभाग ने इस वर्ष बारिश के दौरान झील में जमा हुई मलबे और अन्य सामग्री को हटाने का कार्य किया है। जिलाधिकारी ने कहा कि झील का जलस्तर सामान्य होने के बाद उसके तल को उठाने और आवश्यकतानुसार गहरीकरण का कार्य भी किया जाएगा। इससे झील की जलधारण क्षमता को बनाए रखने में मदद मिलेगी

स्रोत: www.thehindipioneer.com

Share This Article