शालिनी सिंह ने अपने भावी राजनीतिक सफर पर रुख साफ करते हुए कहा कि यदि भाजपा (BJP) का शीर्ष नेतृत्व उन्हें जिम्मेदारी देता है और चुनाव लड़ने का निर्देश देता है,…
शालिनी सिंह ने अपने भावी राजनीतिक सफर पर रुख साफ करते हुए कहा कि यदि भाजपा (BJP) का शीर्ष नेतृत्व उन्हें जिम्मेदारी देता है और चुनाव लड़ने का निर्देश देता है, तो वह पूरी निष्ठा के साथ मैदान में उतरने को तैयार हैं। उन्होंने बताया कि वह पिछले 15 वर्षों से नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में रहकर जनहित व सामाजिक सरोकारों से जुड़ी रही हैं। उनका स्पष्ट मानना है कि उनका मकसद किसी दल विशेष या विपक्ष पर निशाना साधना नहीं, बल्कि आम जनता के बुनियादी व सही मुद्दों को मजबूती से उठाना है।
बातचीत के दौरान उन्होंने यूजीसी (UGC) समेत कई ज्वलंत मुद्दों पर भी बेबाकी से अपनी राय रखी
शालिनी सिंह का नाता एक ऐसे परिवार से है, जहां सियासत की जड़ें बेहद गहरी हैं। उनका मायका और ससुराल, दोनों ही राजनीतिक रूप से अत्यंत प्रभावशाली रहे हैं। पिता बृजभूषण शरण सिंह गोंडा और कैसरगंज से 6 बार सांसद रह चुके हैं तथा भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष रहे हैं
माता केतकी देवी सिंह वर्ष 1996 में गोंडा लोकसभा सीट से सांसद चुनी गई थीं। बड़े भाई प्रतीक भूषण गोंडा सदर सीट से भाजपा के विधायक हैं। छोटे भाई करण भूषण कैसरगंज संसदीय क्षेत्र से मौजूदा भाजपा सांसद हैं। शालिनी सिंह का विवाह बिहार के आरा से पूर्व सांसद अजीत कुमार सिंह और पूर्व सांसद मीना सिंह के बेटे विशाल सिंह से हुआ है। अजीत सिंह और मीना सिंह दोनों ही जदयू के टिकट पर सांसद बने थे
वर्तमान में अपने पति और परिवार के साथ नोएडा में निवास कर रहीं शालिनी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की महिला शाखा ‘राष्ट्र सेविका समिति’ से सक्रिय रूप से जुड़ी हुई हैं। हाल ही में उन्होंने संघ की इस शाखा का सर्वोच्च स्तर का प्रशिक्षण भी सफलतापूर्वक पूरा किया है। पिछले डेढ़ दशक से नोएडा में सामाजिक क्षेत्र में जमीनी स्तर पर काम करने के बाद, अब उनके इस बयान से उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में उनके उतरने की अटकलें तेज हो गई हैं
शालिनी सिंह दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित लेडी श्री राम कॉलेज से स्नातक हैं तथा उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के लॉ फैकल्टी से कानून की डिग्री हासिल की है। वह वर्तमान में इंदिरापुरम ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस से जुड़ी हुई हैं। साहित्य और लेखन में भी उनकी रुचि है। वह एक प्रशिक्षित और निशानेबाज भी हैं
स्रोत: readnownews.in


