डोईवाला में चोरी का खुलासा, छह लाख की ज्वैलरी-नकदी बरामद

Nikhil Malhotra
3 Min Read

चोरी की चेन बेचकर खरीदी बाइक भी मिली

यूपी का शातिर नकबजन दून पुलिस के हत्थे चढ़ा

पायनियर समाचार सेवा। देहरादून। डोईवाला क्षेत्र में बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात और अन्य सामान चोरी करने वाले एक शातिर चोर को दून पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब छह लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच और मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी चोरी की गई सोने की चेन बेचकर टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल खरीद चुका था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया।

पुलिस के अनुसार, चार सितंबर को हरार्वाला क्षेत्र के चौधरी फार्म, आदर्श कॉलोनी नकरौदा निवासी पुनीत पुंडीर परिवार के साथ दिन में घर से बाहर गए थे। वापस लौटने पर घर का ताला टूटा मिला। अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और मोबाइल फोन चोरी थे। शिकायत के आधार पर कोतवाली डोईवाला में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर सुरागरसी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। लगातार प्रयासों के बाद 10 सितंबर को रेलवे स्टेशन रोड, हरार्वाला, डोईवाला से जरीफ अहमद (20) को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह दिन के समय बंद मकानों की रेकी करता था और मौका मिलते ही चिन्हित घर में चोरी को अंजाम देता था। वारदात के बाद पहचान छिपाने के लिए अपने मूल निवास उत्तर प्रदेश चला जाता था।

पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ डोईवाला और रायपुर थाने में चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं और वह पूर्व में जेल भी जा चुका है। वह करीब दो माह पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जरीफ अहमद पुत्र अकबर अहमद, निवासी ग्राम टिकार, थाना अरवल, जिला हरदोई, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी ट्रामा सेंटर नयागांव, हरदोई के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ डोईवाला कोतवाली और रायपुर थाने में चोरी से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं

स्रोत: www.thehindipioneer.com

Share This Article