लखनऊ को मिलेगी नई सौगात: 101 करोड़ की 12 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, गोमती की सफाई पर CM योगी का बड़ा ऐलान

shikha verma
3 Min Read

 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कहा कि प्रदेश सरकार इस वर्ष के अंत तक गोमती नदी को स्वच्छ बनाने के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि गोमती की अविरलता और स्वच्छता के अभियान में सेना की मध्य कमान का भी पूरा सहयोग मिल रहा है, जिससे यह अभियान युद्धस्तर पर आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षा मंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह के साथ लखनऊ छावनी को मॉडल छावनी के रूप में विकसित करने के लिए 101 करोड़ रुपये की लागत वाली 12 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं भूमि पूजन किया। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद छावनी क्षेत्र में सैन्यकर्मियों, पूर्व सैन्यकर्मियों और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है।

सीएम योगी ने कहा कि बदलते समय के साथ लखनऊ छावनी में आधुनिक सुविधाओं की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। रक्षा मंत्रालय और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के सहयोग से अब छावनी परिषद को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि लखनऊ छावनी परिषद भविष्य में ‘आदर्श छावनी’ के रूप में विकसित होकर विकास और जनसुविधाओं का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगी।

एआई आधारित कचरा प्रबंधन और अभ्युदय कोचिंग की सुविधा

प्रस्तावित विकास कार्यों में एआई आधारित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम भी शामिल है। इसके साथ ही छावनी क्षेत्र के स्कूल में अभ्युदय कोचिंग की व्यवस्था शुरू की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन पहलों से छावनी क्षेत्र में स्वच्छता, शिक्षा और नागरिक सुविधाओं को नई दिशा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य लोगों के लिए ‘ईज ऑफ लिविंग’ को बेहतर बनाना है। आधुनिक सुविधाओं से लैस छावनी परिषद में सैन्यकर्मियों, पूर्व सैनिकों और सिविलियन आबादी को आवश्यक सेवाएं एक बेहतर व्यवस्था के तहत उपलब्ध कराई जाएंगी।

राजनाथ सिंह के नेतृत्व में लखनऊ में हुआ व्यापक बदलाव

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह के नेतृत्व में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के सपनों को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं।

उन्होंने कहा कि एक ओर लखनऊ अपनी पुरानी विरासत, संकरी गलियों और ऐतिहासिक स्मारकों के लिए जाना जाता है, वहीं दूसरी ओर शहर में सीएम ग्रिड की स्मार्ट रोड, किसान पथ और आधुनिक बुनियादी ढांचे जैसी सुविधाएं भी विकसित हुई हैं।

Share This Article
Leave a Comment