बिहार राजनीति में हलचल, तेज प्रताप के आवास से नकदी और कीमती सामान चोरी का दावा

shikha verma
2 Min Read

जनशक्ति जनता दल (JJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने अपने निजी सहायक (PA) मोतीलाल राय पर चोरी का गंभीर आरोप लगाया है। इस मामले में सचिवालय थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायत के अनुसार, 22 जून को तेज प्रताप यादव के आवास से लगभग 20 लाख रुपये नकद, जो पार्टी फंड का हिस्सा बताया जा रहा है, चोरी हो गए। इसके अलावा 2 तोला सोने की चेन, एक सोने की अंगूठी, 4 पेन ड्राइव, 2 हार्ड डिस्क, एक iPad, एक MacBook, एक Lenovo लैपटॉप और 4 iPhone 17 Pro Max फोन भी गायब बताए गए हैं।

तेज प्रताप यादव का आरोप है कि उनके ड्राइवर और एक अन्य सहयोगी ने पीए मोतीलाल राय को रात करीब 11:30 बजे एक बैग के साथ आवास की बाउंड्री फांदकर भागते हुए देखा था, जिसे चोरी की घटना का प्रत्यक्ष प्रमाण बताया जा रहा है।

उन्होंने पुलिस से आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और चोरी हुए सामान की बरामदगी की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह पहली बार नहीं है जब तेज प्रताप यादव ने अपने पूर्व सहयोगियों पर गंभीर आरोप लगाए हों। हाल ही में उन्होंने कुछ अन्य लोगों पर साजिश रचने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए थे। उन्होंने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा बढ़ाने की भी मांग की थी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपों की पुष्टि के लिए साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है।

Share This Article
Leave a Comment