ड्यूटी के दौरान हुआ प्यार, जेल अधिकारी और कैदी बने जीवनसाथी

shikha verma
2 Min Read

मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां सतना केंद्रीय जेल की सहायक जेल अधीक्षक फिरोजा खातून और उम्रकैद की सजा काट चुके कैदी धर्मेंद्र सिंह ने एक-दूसरे से शादी कर ली। यह शादी छतरपुर के लवकुशनगर में हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न हुई।

जेल में हुई शुरुआत, धीरे-धीरे बना रिश्ता

जानकारी के अनुसार धर्मेंद्र सिंह हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था और सतना जेल में बंद था। इसी दौरान ड्यूटी के दौरान उसकी मुलाकात जेल अधिकारी फिरोजा खातून से हुई, जो वारंट इंचार्ज के पद पर तैनात थीं। काम के सिलसिले में शुरू हुई बातचीत धीरे-धीरे दोस्ती में बदली और फिर दोनों के बीच संबंध बन गए।

परिवार की असहमति के बीच शादी

जब दोनों ने शादी का फैसला लिया तो महिला अधिकारी के परिवार ने इस रिश्ते पर असहमति जताई और शादी में शामिल नहीं हुए। इसके बावजूद दोनों ने सामाजिक और पारिवारिक विरोध को नजरअंदाज करते हुए विवाह करने का निर्णय लिया। शादी हिंदू रीति-रिवाजों और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुई।

अनोखा कन्यादान

इस शादी की एक खास बात यह रही कि महिला अधिकारी के परिवार के अनुपस्थित रहने पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कन्यादान की रस्म निभाई और विवाह में सहयोग किया। यह घटना स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गई।

जेल प्रशासन में चर्चा का विषय

शादी की खबर सामने आने के बाद केंद्रीय जेल सतना में यह मामला सुर्खियों में आ गया। स्टाफ और कैदियों के बीच यह विवाह चर्चा का विषय बना रहा। बताया जा रहा है कि दोनों ने यह कदम अपनी व्यक्तिगत सहमति और सामाजिक बाधाओं को दरकिनार करते हुए उठाया।

यह मामला न केवल एक अनोखी प्रेम कहानी के रूप में देखा जा रहा है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि व्यक्तिगत रिश्ते कई बार सामाजिक सीमाओं और परिस्थितियों से आगे निकल जाते हैं।

Share This Article
Leave a Comment