गौतमबुद्ध नगर में बढ़ी शराब की खपत, तीन महीने में 65 लाख लीटर से ज्यादा देसी शराब की बिक्री

shikha verma
2 Min Read

जिले में शराब की बिक्री में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। आबकारी विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, वित्तीय वर्ष 2026-27 के शुरुआती तीन महीनों (अप्रैल से जून) में देशी, अंग्रेजी शराब और बीयर की बिक्री में पिछले वर्षों की तुलना में इजाफा हुआ है।

आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल से जून 2026 के बीच गौतमबुद्ध नगर में करीब 65.24 लाख लीटर देसी शराब, 49.32 लाख लीटर अंग्रेजी शराब और 2.15 करोड़ लीटर से अधिक बीयर की बिक्री हुई। विभाग के मुताबिक, पिछले दो वर्षों की तुलना में इस अवधि में शराब की खपत में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।

वित्तीय वर्ष 2024-25 में अप्रैल से जून के दौरान जिले में देसी शराब की बिक्री 54.06 लाख लीटर, अंग्रेजी शराब की 34.69 लाख लीटर और बीयर की बिक्री 1.72 करोड़ लीटर दर्ज की गई थी। वहीं, 2025-26 में यह आंकड़ा बढ़कर देसी शराब में 62.13 लाख लीटर, अंग्रेजी शराब में 48.82 लाख लीटर और बीयर में 2.15 करोड़ लीटर तक पहुंच गया था।

आबकारी विभाग के मुताबिक, शराब बिक्री में बढ़ोतरी के पीछे जिले में बढ़ते औद्योगिक क्षेत्र, आईटी कंपनियों का विस्तार और नए आवासीय क्षेत्रों का विकास भी एक कारण है।

जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार ने बताया कि अवैध शराब की बिक्री रोकने के लिए लगातार जांच और कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि लाइसेंस प्राप्त दुकानों से बिक्री बढ़ने के साथ ही सरकारी राजस्व में भी वृद्धि हो रही है।

विभाग का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार पर निगरानी बनाए रखने के लिए नियमित छापेमारी और जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Share This Article
Leave a Comment