विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के युवाओं के नाम पत्र लिखकर उन्हें शिक्षा के साथ कौशल विकास पर भी ध्यान देने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के समय में कौशल युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर पैदा करने में भी मददगार है।
सीएम योगी ने अपने पत्र में कहा कि उत्तर प्रदेश में युवा शक्ति को कौशल से जोड़कर प्रदेश को विकसित बनाने और वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कर्म और कौशल को महत्व देने वाली संस्कृति युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में उत्तर प्रदेश आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से युवाओं को तकनीकी और व्यावसायिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि ‘एक जनपद, एक उत्पाद’ (ODOP) योजना के जरिए प्रदेश के पारंपरिक हुनर को नई पहचान मिली है, जबकि कौशल विकास से जुड़े अभियानों के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
सीएम योगी ने युवाओं से अपील की कि वे अपनी पढ़ाई के साथ कम से कम एक कौशल जरूर सीखें। उन्होंने कहा कि कौशल केवल नौकरी पाने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह युवाओं को रोजगार देने वाला बनने की क्षमता भी प्रदान करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की ओर से चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने युवाओं से सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि कौशल आत्मनिर्भरता का आधार, आत्मविश्वास का माध्यम और विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली शक्ति है।


