आइची-नागोया एशियाई खेलों में वेन्यू टेक्नोलॉजी मैनेजर की जिम्मेदारी संभाल रहे दोनों युवा
लखनऊ, पायनियर। आइची-नागोया में शुरू होने जा रहे एशियाई खेलों में भले ही लखनऊ का कोई खिलाड़ी मैदान पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करता नजर नहीं आएगा, लेकिन नवाबी नगरी के दो युवा इस महाकुंभ की सफलता में अहम भूमिका निभा रहे हैं। चारबाग निवासी आर्यन चतुर्वेदी और इंदिरानगर निवासी सार्थक सक्सेना पिछले करीब डेढ़ माह से जापान के आइची-नागोया में मौजूद हैं। दोनों को एशियाई खेलों में वेन्यू टेक्नोलॉजी मैनेजर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
खेलों के आयोजन से जुड़े तकनीकी और प्रबंधन कार्यों में अपनी भूमिका निभा रहे आर्यन और सार्थक की उपलब्धि लखनऊ के लिए भी गर्व की बात है। दोनों युवाओं को देश-विदेश के बड़े खेल आयोजनों में काम करने का अनुभव है। चारबाग निवासी आर्यन चतुर्वेदी फिलहाल स्पोर्ट्स इवेंट मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रहे हैं। एशियाई खेलों में वेन्यू टेक्नोलॉजी मैनेजर के रूप में वह खेल स्थलों से जुड़े तकनीकी और प्रबंधन कार्यों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं
आर्यन इससे पहले भी कई बड़े क्रिकेट आयोजनों से जुड़ चुके हैं। फरवरी 2025 में उन्होंने लेजेंड्स लीग क्रिकेट टेन-10 में असिस्टेंट वेन्यू मैनेजर के तौर पर काम किया। इसके बाद अगस्त से सितंबर 2025 तक यूपी टी-20 लीग के तीसरे सीजन में असिस्टेंट वेन्यू सिक्योरिटी मैनेजर की जिम्मेदारी निभाई। वहीं मार्च 2026 में लेजेंड्स लीग क्रिकेट के चौथे सीजन में वह असिस्टेंट क्रिकेट ऑपरेशन मैनेजर के रूप में कार्य कर चुके हैं।
वहीं इंदिरानगर निवासी सार्थक सक्सेना को भी एशियाई खेलों में वेन्यू टेक्नोलॉजी मैनेजर बनाया गया है। सार्थक के पास अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों में काम करने का लंबा अनुभव है
उन्होंने जून 2023 में UEFA चैंपियंस लीग फाइनल में सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी वॉलंटियर के रूप में काम किया। इसके अलावा UEFA नेशंस लीग 2023 में टिकटिंग सेंटर और TIP वॉलंटियर की जिम्मेदारी संभाली। अगस्त 2023 में UEFA सुपर कप में टिकटिंग एक्सेस कंट्रोल वॉलंटियर के तौर पर कार्य किया। सार्थक यूरोपियन पैरा चैंपियनशिप में डोपिंग और कॉम्पिटिशन वॉलंटियर तथा फॉर्मूला-1 डच ग्रां प्री में टिकटिंग वॉलंटियर भी रह चुके हैं।
दिसंबर 2023 से जनवरी 2024 तक उन्होंने चोकबॉल नेशंस कप में मीडिया और कम्युनिकेशंस कोऑर्डिनेटर की जिम्मेदारी निभाई
मई 2024 में सार्थक ने UEFA कॉन्फ्रेंस लीग में एयरपोर्ट वेलकम सर्विस वॉलंटियर, UEFA विमेंस चैंपियंस लीग में ACE वॉलंटियर और फॉर्मूला ई प्रिक्स में स्टाफ वॉलंटियर के तौर पर काम किया। इसके अलावा मई से सितंबर 2024 तक पेरिस ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों में वेन्यू आईटी मैनेजर और डिप्टी वेन्यू आईटी मैनेजर की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली। जुलाई 2025 में वह FISU यूनिवर्सिटी समर गेम्स में वेन्यू वॉलंटियर कोऑर्डिनेटर के तौर पर भी कार्य कर चुके हैं।
अब एशियाई खेलों जैसे बड़े आयोजन में आर्यन और सार्थक की जिम्मेदारी ने लखनऊ के युवाओं की प्रतिभा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान दी है
स्रोत: www.thehindipioneer.com


