उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने ब्यूरोक्रेसी में बड़ा बदलाव किया है। एक साथ 46 भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारियों का ट्रांसफर (IAS Transfer 2025) किया गया है। 10 जिलों के डीएम बदले गए हैं। स्थानांतरण और नियुक्ति का आदेश राज्य सरकार ने 28 अक्टूबर को जारी कर दिया है। कई जिलों के मंडलायुक्त बदले गए हैं। वहीं कई विभागों के नए सचिव की नियुक्ति की गई है। सामान्य प्रशासन विभाग का नया सचिव श्री बालकृष्ण त्रिपाठी को बनाया गया है, जो पहले विंध्याचल मंडलायुक्त पद पर कार्यरत थे।
गृह विभाग का नए सचिव अब अटल कुमार राय होंगे, जो पहले सहारनपुर मंडलायुक्त पद की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। राज्य कर विभाग की विशेष सचिव पद पर राहुल पांडे को पदस्थ किया गया है। युवा कल्याण निगम खेल विभाग के विशेष सचिव पद पर कुमार विनीत को नियुक्त किया गया है। नियोजन विभाग के विशेष सचिव पद के जिम्मेदारी अक्षत वर्मा को सौंपी गई है। गृह विभाग का विशेष सचिव पवन अग्रवाल और रेशम विभाग का विशेष सचिव देवेन्द्र कुमार कुशवाहा को बनाया गया है।
इन जिलों के डीएम बदले गए
श्रावस्ती जिलाधिकारी पद पर अश्विनी कुमार पांडे को नियुक्त किया गया है, जो पहले उपाध्यक्ष अयोध्या विकास प्राधिकरण पद की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। रामपुर जिलाधिकारी पद की जिम्मेदारी अजय कुमार द्विवेदी को सौंपी गई है। ललितपुर डीएम पद पर सत्य प्रकाश को भेजा गया है। विपिन कुमार जैन बलरामपुर और अमित पाल कौशाम्बी के नए डीएम होंगे। शिवशरणप्पा जीएन को सिद्धार्थ नगर डीएम बनाया गया है। पुलकित गर्ग को चित्रकूट डीएम और कृत्तिका ज्योत्सना को बस्ती डीएम बनाया गया है। सीतापुर डीएम पद पर राजागणपति आर होंगे। हाथरस के जिलाधिकारी पद पर अतुल वस्त को नियुक्त किया गया है।


