उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के साथ कथित तौर पर अभद्र भाषा के प्रयोग और धक्का-मुक्की का मामला सामने आया है। घटना पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के दक्षिण दरवाजा इलाके की बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के कुछ मोहल्लों से कांवड़ियों का एक जत्था साइकिल से प्रयागराज जल लेने के लिए रवाना हुआ था। इसमें महिला श्रद्धालु भी शामिल थीं। आरोप है कि जब यह जत्था दक्षिण दरवाजा क्षेत्र से गुजर रहा था, तभी कुछ लोगों ने कांवड़ियों और महिला श्रद्धालुओं पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं।
विरोध के बाद हुआ विवाद
कांवड़ियों द्वारा इसका विरोध किए जाने पर कहासुनी बढ़ गई। आरोप है कि इस दौरान कुछ लोगों ने गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की कोशिश की। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में नाराजगी फैल गई और कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। विश्व हिंदू महासंघ के जिलाध्यक्ष अखिलेश सिंह भी कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे और श्रद्धालुओं से बातचीत कर उन्हें शांत कराया।
संगठन ने कार्रवाई की मांग की
अखिलेश सिंह ने घटना को लेकर नाराजगी जताते हुए प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा जैसे धार्मिक आयोजन के दौरान किसी भी प्रकार की अशांति फैलाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।
संगठन की ओर से पुलिस प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की गई है।
पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश
डीएसपी सत्येंद्र भूषण तिवारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है। कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


