उत्तर प्रदेश सरकार मंगलवार, 25 अगस्त को 3572 नवनियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र देकर उनके रोजगार के नए अवसर का शुभारंभ करेगी। लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे।
इस अवसर पर कृषि विभाग में निष्पक्ष एवं पारदर्शी चयन प्रक्रिया के माध्यम से चयनित 3446 प्राविधिक सहायक (ग्रुप-सी) तथा मंडी परिषद के 126 नवनियुक्त मंडी सचिवों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। इस तरह कुल 3572 युवाओं को सरकारी सेवा में नई जिम्मेदारी मिलेगी।
नवनियुक्त कार्मिकों को संबोधित करेंगे सीएम योगी
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करने के साथ उन्हें संबोधित भी करेंगे। मुख्यमंत्री नवनियुक्त कार्मिकों को उनकी नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं देंगे और सरकारी सेवा में पूरी निष्ठा एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करने का संदेश देंगे।
सरकार की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम को युवाओं को रोजगार से जोड़ने और विभिन्न विभागों में मानव संसाधन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कृषि और मंडी व्यवस्था को मिलेगी मजबूती
कृषि विभाग में बड़ी संख्या में प्राविधिक सहायकों की नियुक्ति से प्रदेश में कृषि संबंधी योजनाओं और विभागीय कार्यों को जमीनी स्तर पर बेहतर तरीके से लागू करने में मदद मिलेगी। वहीं मंडी परिषद में नए मंडी सचिवों की नियुक्ति से मंडी व्यवस्था के संचालन और प्रशासनिक कार्यों को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
मंत्री और अधिकारी भी रहेंगे मौजूद
नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह और राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख समेत अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहेंगे।
सरकार का कहना है कि निष्पक्ष और पारदर्शी चयन प्रक्रिया के माध्यम से युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।


