नीट परीक्षा विवाद और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी है। उनका बयान उस समय आया है, जब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के बीच मुलाकात की खबरें सामने आईं।
अखिलेश यादव ने छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर सरकार में संवेदनशीलता होती तो छात्रों से शुरुआत में ही बातचीत की जाती। उन्होंने प्रदर्शन के दौरान लाठीचार्ज को दुखद बताते हुए छात्रों की मांगों को जायज बताया।
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर पूछे गए सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि किसी मंत्री का विभाग बदला जाना सरकार के लिए भी बेहतर हो सकता है। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक एक ही विभाग संभालने से कामकाज प्रभावित हो सकता है और बदलाव से नई ऊर्जा आ सकती है।
गौरतलब है कि NEET परीक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर छात्र संगठन लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। विपक्षी दल भी इस मामले को लेकर सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग कर रहे हैं।


