चित्रकूट में बाढ़ पीड़ितों से मिलेंगे सीएम योगी, 800 परिवारों को देंगे राहत सामग्री

shikha verma
1 Min Read

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को चित्रकूट जनपद के दौरे पर रहेंगे। अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लेंगे और प्रभावित परिवारों की समस्याओं से रूबरू होंगे।

मुख्यमंत्री बाढ़ प्रभावित 800 परिवारों को राहत सामग्री वितरित करेंगे। इसके साथ ही बाढ़ के कारण आश्रयहीन हुए परिवारों को आवास के लिए भूमि आवंटन प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा। प्रभावित परिवारों को आपदा मोचन निधि के तहत राहत राशि भी वितरित की जाएगी।

हवाई सर्वेक्षण के बाद मुख्यमंत्री रैन बसेरा पहुंचकर बाढ़ प्रभावित लोगों से सीधे संवाद करेंगे। इस दौरान वह पीड़ित परिवारों की समस्याएं सुनेंगे और राहत एवं पुनर्वास कार्यों की जानकारी भी लेंगे।

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। कार्यक्रम के दौरान मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, जिला पंचायत प्रशासक अशोक जाटव, नगर पालिका परिषद चित्रकूटधाम कर्वी के अध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता और मानिकपुर विधायक अविनाश चंद्र द्विवेदी समेत अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे।

मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान बाढ़ प्रभावित परिवारों के राहत, पुनर्वास और आवास से जुड़े कार्यों पर विशेष जोर रहेगा।

Share This Article
Leave a Comment