काकोरी ट्रेन एक्शन-डे पर सीएम योगी का देशभक्ति संदेश, 311 करोड़ की परियोजनाओं से संवरेगा सिद्धार्थनगर

shikha verma
4 Min Read

काकोरी ट्रेन एक्शन-डे के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को राजधानी लखनऊ में आयोजित तिरंगा पदयात्रा में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री आवास से विधानभवन तक प्रस्तावित यह पदयात्रा राष्ट्र और स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता का प्रतीक होगी। इस दौरान मुख्यमंत्री प्रदेशवासियों को देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का संदेश देंगे।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री आवास पर होगी, जहां सीएम योगी प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे। इसके बाद तिरंगा पदयात्रा मुख्यमंत्री आवास से शुरू होकर सिविल अस्पताल और अटल चौक होते हुए विधानभवन के सामने संपन्न होगी।

बड़ी संख्या में शामिल होंगे कार्यकर्ता और स्वयंसेवक

तिरंगा यात्रा में केंद्रीय मंत्री एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे। विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं के साथ एनसीसी कैडेट, एनएसएस सदस्य, स्काउट-गाइड स्वयंसेवक और युवक मंगल दल के सदस्य भी पदयात्रा में हिस्सा लेंगे।

काकोरी शहीद स्मारक पहुंचकर अमर शहीदों को देंगे श्रद्धांजलि

तिरंगा पदयात्रा के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ काकोरी शहीद स्मारक पहुंचेंगे। यहां वह स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीद पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, ठाकुर रोशन सिंह, अशफाक उल्ला खान और राजेंद्र नाथ लाहिड़ी को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे।

मुख्यमंत्री ने 9 अगस्त को काकोरी ट्रेन एक्शन दिवस और 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों को पूरे सम्मान, गरिमा और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में 9 से 15 अगस्त तक प्रदेशभर में स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्मारकों, स्मृति स्थलों और शहीद स्थलों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इन कार्यक्रमों के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और अमर शहीदों के परिजनों को भी सम्मानित किया जाएगा।

सिद्धार्थनगर को 311 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार दोपहर बाद सिद्धार्थनगर का दौरा करेंगे। यहां वह डुमरियागंज और बांसी विधानसभा क्षेत्रों के लिए 311 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 107 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।

डुमरियागंज विधानसभा क्षेत्र में 63 करोड़ रुपये से अधिक की 22 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 57 करोड़ रुपये की 22 परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा।

वहीं, बांसी विधानसभा क्षेत्र में 64 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 24 परियोजनाओं का लोकार्पण और 127 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 41 परियोजनाओं का शिलान्यास प्रस्तावित है।

लाभार्थियों को सौंपेंगे प्रमाण पत्र

सिद्धार्थनगर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित करेंगे। विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के साथ मुख्यमंत्री जिले में विकास कार्यों को गति देने और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर भी जोर देंगे।

काकोरी ट्रेन एक्शन-डे पर तिरंगा यात्रा और काकोरी शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि के जरिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानियों को नमन करेंगे, वहीं सिद्धार्थनगर में विकास परियोजनाओं की सौगात देकर क्षेत्र के विकास को नई गति देने का संदेश देंगे।

Share This Article
Leave a Comment