बिजनौर में CM योगी का सपा पर वार, बोले- ‘जिन्ना नहीं, हमें गन्ना पसंद है’

shikha verma
3 Min Read

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को बिजनौर दौरे के दौरान समाजवादी पार्टी समेत विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करते हुए प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और कानून-व्यवस्था, गन्ना किसानों तथा धार्मिक आयोजनों को लेकर अपनी सरकार का पक्ष रखा।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर हमला करते हुए कहा, “कुछ लोगों को जिन्ना पसंद हैं, लेकिन हमें जिन्ना नहीं, गन्ना पसंद है।” उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने गन्ना किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए कई कदम उठाए हैं और प्रदेश को अपराध, माफिया, दंगा और कर्फ्यू की स्थिति से बाहर निकालने का काम किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले बिजनौर की स्थिति अलग थी और उस समय के मुख्यमंत्री यहां आने से बचते थे। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में बदलाव आया है और सरकार विकास व सुशासन के एजेंडे पर काम कर रही है।

सीएम योगी ने बिजनौर की ऐतिहासिक और धार्मिक महत्ता का भी जिक्र किया। उन्होंने महाभारत काल का उल्लेख करते हुए कहा कि यह वही पवित्र भूमि है, जहां भगवान श्रीकृष्ण ने महात्मा विदुर के घर भोजन किया था। उन्होंने कहा कि ऐसी धरती पर आने से कोई भी खुद को रोक नहीं सकता।

कांवड़ यात्रा और कानून व्यवस्था पर भी बोले सीएम योगी

मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले अपराधियों के डर के कारण कांवड़ यात्रा, जन्माष्टमी, रामनवमी और दुर्गा पूजा जैसे धार्मिक आयोजनों में बाधाएं आती थीं। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है और अब धार्मिक कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने विपक्ष पर समाज को जाति के आधार पर बांटने की राजनीति करने का आरोप लगाया। सीएम योगी ने कहा कि कुछ लोग महापुरुषों के नाम का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन उनके विचारों के विपरीत काम करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार का लक्ष्य प्रदेश में विकास, सुशासन और कानून का राज स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को अपराध और अराजकता से मुक्त रखना सरकार की प्राथमिकता है।

Share This Article
Leave a Comment