CM मोहन यादव का किसानों को खास होली गिफ्ट

Bole India
2 Min Read

भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विधानसभा में ‘कृषक कल्याण वर्ष 2026’ की घोषणा करते हुए किसानों के लिए कई बड़े ऐलान किए हैं। सरकार ने पांच प्रमुख फसलों—उड़द, सरसों, चना, मसूर और तुअर—पर बोनस, भावांतर योजना और समर्थन मूल्य पर उपार्जन जैसी योजनाओं के जरिए किसानों को सीधे आर्थिक लाभ देने की योजना बनाई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों को सिर्फ अन्नदाता नहीं बल्कि उद्यमी और ऊर्जादाता के रूप में स्थापित करना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसानों का सशक्तिकरण ही प्रदेश के सर्वांगीण विकास की आधारशिला है।

सरसों पर भावांतर योजना लागू की जाएगी, जिससे MSP से कम मूल्य पर उपज बेचने पर किसानों का नुकसान पूरा किया जाएगा। इस साल प्रदेश में सरसों के रकबे में लगभग 28% की वृद्धि दर्ज की गई है। वहीं, ग्रीष्मकालीन उड़द की फसल पर किसानों को ₹600 प्रति क्विंटल बोनस मिलेगा, जिससे फसल विविधीकरण को प्रोत्साहन और किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।

इसके अलावा, दलहनी फसलों—चना और मसूर—के उपार्जन के लिए प्रस्ताव केंद्र को भेजा गया है। चना के लिए 6.49 लाख मीट्रिक टन और मसूर के लिए 6.01 लाख मीट्रिक टन उपार्जन प्रस्तावित है। खरीफ फसल तुअर के लिए भी 1.31 लाख मीट्रिक टन की सीधी खरीद का प्रस्ताव केंद्रीय एजेंसियों के माध्यम से केंद्र को भेजा गया है।

मुख्यमंत्री ने किसानों को सिंचाई, बिजली और कृषि ऋण जैसी हर जरूरी सुविधा उपलब्ध कराने का भी भरोसा दिलाया। यह घोषणा राज्य के लाखों किसानों के लिए राहत और आय में वृद्धि का संकेत है।

Share This Article
Leave a Comment