दिल्ली की मुख्यमंत्री Rekha Gupta ने गुरुवार को दुर्गा अष्टमी के पावन अवसर पर कन्या पूजन कर बेटियों का सम्मान किया और उन्हें मां दुर्गा की शक्ति का स्वरूप बताया। इस मौके पर उन्होंने सभी घरों में सुख-समृद्धि और परिवार की भलाई की कामना की।
बेटियों में देखा आदिशक्ति का रूप
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियां सौभाग्य, शक्ति और मां का पवित्र आशीर्वाद हैं। उन्होंने बताया कि दुर्गा अष्टमी का पर्व हमें यह अनुभव कराता है कि हर बेटी में आदिशक्ति की झलक मौजूद है। रेखा गुप्ता ने कहा, “बेटियों का स्नेह और सम्मान जीवन को पवित्रता और मंगल से भर देता है।”
हर घर में सुख-समृद्धि की कामना
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मां दुर्गा से प्रार्थना की कि सभी पर उनकी कृपा बनी रहे और हर घर में सुख-समृद्धि आए। उन्होंने कहा कि बेटियों का स्नेह जीवन को हमेशा आलोकित करता रहे।
छात्राओं को साइकिल वितरित
गुरुवार को मुख्यमंत्री ने अपने विधानसभा क्षेत्र शालीमार बाग में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को साइकिल भी वितरित की। रेखा गुप्ता ने कहा, “कभी-कभी लड़कियों को घर से स्कूल आने-जाने में कठिनाई होती है। अब साइकिल की मदद से वे आसानी से स्कूल जा सकेंगी और शिक्षा में बाधा नहीं आएगी।”
उन्होंने बताया कि इस पहल के तहत आज 1100 बेटियों को साइकिल प्रदान की गईं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सिर्फ परंपरा नहीं है, बल्कि यह याद दिलाने का तरीका है कि जहां बेटियों का सम्मान होता है, वहीं सच्ची समृद्धि का वास होता है।
भविष्य की योजना
रेखा गुप्ता ने आगे कहा कि इस वर्ष से दिल्ली सरकार ने सरकारी स्कूलों की नौवीं कक्षा में पढ़ने वाली 1,30,000 बेटियों को साइकिल प्रदान करने का बजट प्रावधान किया है। यह कदम बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने और उन्हें स्वतंत्रता प्रदान करने के लिए उठाया गया है।
