फिरोजाबाद: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद नगर निगम में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की एक महिला पार्षद ने अपनी ही सरकार और नगर निगम प्रशासन के खिलाफ अनोखा विरोध दर्ज कराया है। वार्ड में विकास कार्य न होने से नाराज पार्षद ने नगर निगम परिसर में ही मुंडन कराकर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
वार्ड संख्या 6 से पार्षद ऊषा शंखवार ने आरोप लगाया कि पिछले तीन वर्षों से उनके क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था, पेयजल संकट और विकास कार्यों की कमी को लेकर लगातार शिकायतें करने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई।
महिला पार्षद ने रोते हुए कहा कि जब वे अपने क्षेत्र में जाती हैं तो जनता उन्हें समस्याओं के लिए जिम्मेदार मानकर सवाल करती है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अधिकारियों द्वारा बार-बार यह कहा जाता है कि उनके वार्ड में लाखों रुपये के विकास कार्य हो चुके हैं, जबकि जमीनी हकीकत अलग है।
विरोध के दौरान नगर निगम परिसर में पार्षद ने एक नाई को बुलाकर अपना मुंडन कराया, जिससे मौके पर मौजूद लोग भी हैरान रह गए। इस घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई।
सूचना मिलते ही नगर आयुक्त प्रशांत नागर मौके पर पहुंचे और पार्षद को समझा-बुझाकर शांत कराया। उन्होंने आश्वासन दिया कि वार्ड की समस्याओं की जांच कर जल्द समाधान किया जाएगा।
नगर निगम प्रशासन ने इस मामले पर प्रेस नोट जारी करते हुए कहा कि वार्ड में कई विकास कार्य पहले ही पूरे किए जा चुके हैं और कुछ परियोजनाएं प्रगति में हैं। प्रशासन के अनुसार पेयजल, सफाई और अन्य विकास कार्यों के लिए लाखों रुपये स्वीकृत किए गए हैं और जल्द ही बाकी काम पूरे किए जाएंगे।


