बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। सभी प्रमुख दलों ने चुनाव प्रचार में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इसी बीच बीजेपी प्रत्याशी अभिषेक कुमार सिन्हा के नामांकन के बाद आयोजित सभा में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर पर बिना नाम लिए निशाना साधा।
गुरुवार को स्काउट एंड गाइड मैदान में आयोजित नामांकन सभा में सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि चुनाव के समय कुछ ऐसे लोग भी मैदान में आ जाते हैं, जिनका बिहार की राजनीति और जनता से कोई गहरा जुड़ाव नहीं होता। उन्होंने मतदाताओं से ऐसे लोगों से सावधान रहने की अपील की।
बांकीपुर से बीजेपी कार्यकर्ता को मिला मौका
मुख्यमंत्री ने कहा कि बांकीपुर विधानसभा सीट से बीजेपी ने एक समर्पित कार्यकर्ता को चुनाव मैदान में उतारा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से एनडीए प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी मेहनत करने का आह्वान किया।
सम्राट चौधरी ने कहा कि जिस तरह एनडीए ने पिछले चुनाव में बड़ी जीत हासिल की थी, उसी तरह बांकीपुर में भी जनता का समर्थन मिलने की उम्मीद है।
संजय सरावगी ने भी विपक्ष पर बोला हमला
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी नामांकन सभा में विपक्षी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बांकीपुर की जनता स्थानीय स्तर पर सक्रिय और क्षेत्र से जुड़े उम्मीदवार को प्राथमिकता देगी।
उन्होंने बीजेपी प्रत्याशी अभिषेक कुमार सिन्हा की तारीफ करते हुए कहा कि वह लंबे समय से क्षेत्र के लोगों के बीच सक्रिय हैं और हर वार्ड व परिवार से उनका संपर्क है।
संजय सरावगी ने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर लोगों से संवाद करने और एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में समर्थन जुटाने की अपील की। उन्होंने कहा कि बीजेपी में बूथ स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं को भी आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।


