बिहार की राजनीति में नई तैयारी, अनंत सिंह ने बेटे के भविष्य को लेकर किया बड़ा इशारा

shikha verma
2 Min Read

बिहार की राजनीति में मोकामा विधायक अनंत सिंह के एक बयान के बाद उनके बेटे की राजनीतिक एंट्री को लेकर चर्चा तेज हो गई है। जेडीयू विधायक अनंत सिंह ने मंगलवार को अपने बेटे के भविष्य की राजनीति को लेकर बड़ा संकेत दिया।

मीडिया से बातचीत के दौरान अनंत सिंह ने कहा, “जिस तरह निशांत कुमार नीतीश जी के साथ रहे, उसी तरह मेरा बेटा भी निशांत कुमार के साथ रहेगा।” उनके इस बयान को बिहार की सियासत में आने वाले समय की संभावित राजनीतिक रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।

अनंत सिंह पहले भी अपने बेटे की राजनीति में एंट्री को लेकर बयान दे चुके हैं। उन्होंने कहा था कि अब वह खुद चुनाव नहीं लड़ेंगे और उनकी जगह उनका बेटा चुनावी मैदान में उतरेगा। माना जा रहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव में उनके बड़े बेटे अभिषेक सिंह को मोकामा सीट से उम्मीदवार बनाया जा सकता है।

बता दें कि अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी भी मोकामा से विधायक रह चुकी हैं। दंपति के तीन बेटे हैं- अभिषेक सिंह, अंकित सिंह और अभिनव सिंह। अभिषेक और अंकित जुड़वा भाई हैं।

अनंत सिंह के बयान के सियासी मायने

अनंत सिंह के बयान को जेडीयू के भविष्य और निशांत कुमार की भूमिका से जोड़कर देखा जा रहा है। उन्होंने संकेत दिया है कि उनका बेटा भविष्य में निशांत कुमार के साथ राजनीतिक रूप से जुड़ा रहेगा।

हाल के दिनों में निशांत कुमार को लेकर बिहार की राजनीति में चर्चाएं बढ़ी हैं। ऐसे में अनंत सिंह के बयान के बाद यह सवाल उठने लगा है कि क्या आगामी विधानसभा चुनाव में जेडीयू उनके बेटे अभिषेक सिंह को मोकामा से मौका देगी। हालांकि, इस मामले पर जेडीयू की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Share This Article
Leave a Comment