बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने मथुरा-वृंदावन क्षेत्र के शेरगढ़ गांव में अपने प्रवास की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की हैं, जिनमें वे वट वृक्ष के नीचे ध्यान और साधना करते नजर आ रहे हैं।
सोमवार को फेसबुक पर पोस्ट की गई इन तस्वीरों में अश्विनी चौबे ग्रामीण वातावरण, प्रकृति और भारतीय संस्कृति से जुड़े अनुभवों का जिक्र करते दिखे। उन्होंने लिखा कि ब्रजभूमि की धरती पर प्रकृति के बीच आत्मचिंतन और साधना करना एक अद्भुत अनुभव रहा।
अपने पोस्ट में उन्होंने गांव के हरियाली भरे वातावरण, मोरों की उपस्थिति और शांत प्राकृतिक परिवेश का उल्लेख करते हुए कहा कि यह दृश्य मन को शांति और आनंद से भर देता है।
चौबे ने ग्रामीण जीवन और भारतीय लोक परंपरा की भी सराहना की। उन्होंने गांव की महिलाओं द्वारा चूल्हे पर बनी रोटी और कढ़ी जैसे पारंपरिक भोजन का उल्लेख करते हुए इसे भारतीय संस्कृति और आतिथ्य का प्रतीक बताया।
उन्होंने यह भी लिखा कि ग्रामीण महिलाओं की कला और रचनात्मकता, जैसे गोबर से बने बिटोरों पर की गई सजावट, भारतीय लोक संस्कृति की समृद्ध परंपरा को दर्शाती है।
अपने प्रवास के अंत में उन्होंने गौ माता को रोटी खिलाने और आशीर्वाद लेने का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह यात्रा उनके लिए केवल एक भ्रमण नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, प्रकृति और ग्रामीण जीवन से आत्मिक जुड़ाव का अनुभव रही।


