आईपीएल 2026 के आगाज से सिर्फ 4 दिन पहले तेज़ गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। बुमराह अभी तक मुंबई इंडियंस टीम के साथ नहीं जुड़ पाए हैं और इस समय बेंगलुरु में मौजूद हैं। इस वजह से फैंस और टीम प्रबंधन दोनों ही चिंता में हैं।
आईपीएल का पहला मुकाबला 28 मार्च से शुरू हो रहा है, जबकि मुंबई इंडियंस अपना पहला मैच 29 मार्च को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ खेलेंगे।
सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में बुमराह
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जसप्रीत बुमराह बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में हैं। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट में कहा गया है कि बुमराह वहां रूटीन चेकअप या चोट से संबंधित जांच के लिए मौजूद हैं। हालांकि, इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई है कि वह किसी चोट के कारण वहां हैं या सिर्फ फिटनेस और मेडिकल चेकअप के लिए।
इस वजह से फैंस के मन में सवाल उठ रहा है कि क्या आईपीएल से पहले बुमराह चोटिल हैं। अभी तक टीम या खिलाड़ी की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार फॉर्म
बुमराह आखिरी बार टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलते नजर आए थे। फाइनल मैच में उन्होंने सिर्फ 15 रन देकर 4 विकेट लिए और प्लेयर ऑफ़ द मैच का खिताब भी जीता। टूर्नामेंट में वह संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे थे, 9 मैचों में 14 विकेट हासिल किए थे।
अब सवाल यह है कि क्या वह आईपीएल 2026 में भी अपनी इसी फॉर्म को जारी रख पाएंगे।
मुंबई इंडियंस का पेस अटैक मजबूत
इस सीजन मुंबई इंडियंस का पेस अटैक काफी मजबूत नजर आ रहा है। टीम के पास जसप्रीत बुमराह के अलावा ट्रेंट बोल्ट और दीपक चाहर जैसे अनुभवी तेज़ गेंदबाज हैं।
पिछले आईपीएल सीजन में बुमराह ने मुंबई के पेस अटैक की कमान संभाली थी और 12 मैचों में 18 विकेट लिए थे। आईपीएल इतिहास में बुमराह अब तक 145 मैचों में 183 विकेट लेकर शीर्ष तेज गेंदबाजों की सूची में छठे नंबर पर हैं।

