हरियाणा के सोनीपत स्थित हरियाणा स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी, राई में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यूनिवर्सिटी के स्विमिंग पूल में डूबने से पीजी डिप्लोमा छात्र निशांत (28) की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे परिसर में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, निशांत दिल्ली के गौतम नगर का रहने वाला था और यूनिवर्सिटी में क्रिकेट से संबंधित पीजी डिप्लोमा कोर्स कर रहा था। बताया जा रहा है कि वह बुधवार देर शाम क्रिकेट अभ्यास के बाद थकान दूर करने के लिए स्विमिंग पूल गया था। कुछ ही देर बाद उसका शव पूल में तैरता हुआ दिखाई दिया, जिससे वहां मौजूद छात्र और खिलाड़ी घबरा गए।
घटना की सूचना मिलते ही उसे तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सोनीपत सिविल अस्पताल भेज दिया गया।
हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार ने इस घटना को संदिग्ध बताते हुए गहराई से जांच की मांग की है। परिजनों का कहना है कि यह केवल एक दुर्घटना नहीं भी हो सकती, इसलिए सभी पहलुओं की जांच जरूरी है।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच शुरू कर दी गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों पर और स्पष्टता मिल सकेगी। सब-इंस्पेक्टर अशोक कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू की जांच की जा रही है।
इधर, यूनिवर्सिटी प्रशासन ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए स्विमिंग पूल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया है। कुलपति अशोक कुमार ने बताया कि घटना की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित की गई है, जो यह पता लगाएगी कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और क्या सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक हुई। यह मामला जांच के दायरे में है और सभी की नजरें जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं, जो इस दर्दनाक हादसे की सच्चाई सामने ला सकती है।


