भक्ति और पौराणिक कथा पर आधारित फिल्म कृष्णावतारम पार्ट 1: द हार्ट बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। बिना किसी बड़ी स्टार कास्ट के बावजूद यह फिल्म दर्शकों के बीच लगातार अपनी पकड़ मजबूत बना रही है और रिलीज के शुरुआती 5 दिनों में ही करोड़ों का कारोबार कर चुकी है।
फिल्म की शुरुआत धीमी रही थी, लेकिन धीरे-धीरे इसकी कमाई में तेजी देखने को मिली। पहले दिन फिल्म ने करीब 42 लाख रुपये से खाता खोला, जबकि दूसरे दिन इसने 1.15 करोड़ रुपये की कमाई की। तीसरे दिन फिल्म का कलेक्शन 2.25 करोड़ रुपये और चौथे दिन 3.55 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, पांचवें दिन फिल्म ने लगभग 1.35 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। इस तरह भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन लगभग 8.72 करोड़ रुपये हो गया है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन 10 करोड़ रुपये से अधिक पहुंच चुका है।
फिल्म को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है, खासकर इसकी आध्यात्मिक और भावनात्मक कहानी को लेकर। यह फिल्म लेखक राम मोरी के उपन्यास पर आधारित है, जिसमें भगवान कृष्ण के जीवन के विभिन्न पहलुओं को दर्शाया गया है।
कहानी में प्रेम, भक्ति और दिव्य भावनाओं को केंद्र में रखा गया है। फिल्म में कृष्ण, राधा, रुक्मिणी और सत्यभामा के संबंधों को भी भावनात्मक रूप से दिखाया गया है, जिसे दर्शक काफी पसंद कर रहे हैं।
निर्देशक हार्दिक गज्जर की यह फिल्म एक महत्वाकांक्षी ट्रिलॉजी का पहला हिस्सा है, जिसे बड़े पैमाने पर बनाया गया है। सीमित स्टार कास्ट के बावजूद फिल्म की मजबूत कहानी और प्रस्तुति ने इसे बॉक्स ऑफिस पर सफलता दिलाई है।

