छत्तीसगढ़ में सनसनी, तरबूज खाने से बच्चे की मौत, तीन की तबीयत खराब

shikha verma
2 Min Read

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिला के घुरकोट गांव से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां तरबूज खाने के बाद एक 15 साल के लड़के की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य बच्चे बीमार पड़ गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, सभी बच्चे अपने मामा के घर आए हुए थे और रविवार शाम को पहले से कटा हुआ तरबूज खाया था। कुछ ही घंटों बाद 15 वर्षीय अखिलेश धीवर की तबीयत बिगड़ने लगी, जिसमें उल्टी, दस्त और सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई दिए। बाद में उसकी मौत हो गई।

इसके अलावा तीन अन्य बच्चे—4 वर्षीय श्री धीवर, 12 वर्षीय पिंटू धीवर और 13 वर्षीय हितेश धीवर—भी बीमार हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। सभी का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।

जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. एस कुजूर ने बताया कि शुरुआती जांच में फूड प्वाइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। उनके अनुसार, तरबूज कई घंटे पहले काटा गया था, जिससे उसमें संक्रमण होने की संभावना बढ़ गई।

अधिकारियों ने बताया कि मृतक का पोस्टमार्टम किया जा रहा है और विसरा के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। इसके साथ ही तरबूज के सैंपल को खाद्य सुरक्षा विभाग ने प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिया है।

फिलहाल मौत और बीमारी का सही कारण फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। इस घटना ने लोगों को खाद्य पदार्थों की सुरक्षा और ताजे भोजन के सेवन को लेकर सतर्क रहने की चेतावनी दी है।

Share This Article
Leave a Comment