दिल्ली के दक्षिणी इलाके नेहरू प्लेस में दो युवतियों के साथ छेड़छाड़, मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। घटना 11 मई की सुबह करीब 6:30 बजे की बताई जा रही है। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि कुल सात लोगों के शामिल होने का आरोप लगाया गया है।
पीड़ित युवतियों में एक असम और दूसरी बिहार की रहने वाली है। दोनों ने आरोप लगाया कि सुबह वे चाय की दुकान पर बैठी थीं, तभी कुछ युवकों ने उनका पीछा करना शुरू किया और फिर उनके साथ गाली-गलौज, बदसलूकी और मारपीट की गई। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने उनके कपड़े फाड़ने की कोशिश भी की।
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ आरोपी नशे की हालत में दिखाई दे रहे हैं। पीड़ितों का कहना है कि शुरुआत में उन्हें पुलिस से मदद नहीं मिली, जिसके बाद उन्होंने नॉर्थ-ईस्ट सेल में शिकायत दर्ज कराई और फिर मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान मोहम्मद फहद, मोहम्मद शावेज, मोहम्मद आरिफ और अमन उर्फ मोहम्मद फहीम उर्फ काला के रूप में हुई है। सभी आरोपी अलग-अलग क्षेत्रों और पेशों से जुड़े बताए जा रहे हैं।
दिल्ली पुलिस ने आरोपों पर सफाई देते हुए कहा है कि शिकायत मिलने के बाद उचित धाराओं में FIR दर्ज की गई और जांच तुरंत शुरू कर दी गई। पुलिस के अनुसार मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है, जिनमें मारपीट, महिला के साथ आपराधिक बल प्रयोग, धमकी और पीछा करने जैसी गंभीर धाराएं शामिल हैं।

