हरियाणा के पानीपत जिले के बिहोली गांव में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक नौकर की गला काटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान बिहार निवासी रणजीत (35) के रूप में हुई है, जो पिछले 12 वर्षों से पूर्व सरपंच के खेतों में काम कर रहा था। जानकारी के अनुसार, रणजीत कुछ समय पहले ही अपने गांव से वापस काम पर लौटा था। सोमवार सुबह उसका शव बिहोली-बापौली रोड स्थित खेत में मिला। अज्ञात हमलावर ने तेजधार हथियार से उसकी हत्या कर दी।
रिश्तेदार पर हत्या का शक
पुलिस जांच में मृतक के ही एक रिश्तेदार विनोद पर शक गहराया है, जो घटना के बाद से फरार है। बताया जा रहा है कि विनोद भी उसी खेत परिसर में रह रहा था और हाल ही में वहां काम पर रखा गया था। पुलिस को आशंका है कि रविवार रात दोनों के बीच शराब पीने के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो बाद में हिंसक झगड़े में बदल गया। इसी दौरान विनोद ने वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गया।
पुलिस जांच जारी
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।आत्माराम ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद का लग रहा है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।

