वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर और गंगा घाटों पर आने वाले यात्रियों के लिए सरकार ने एक नई सुविधा की घोषणा की है। अब श्रद्धालु और पर्यटक अपने सामान की सुरक्षा को लेकर निश्चिंत रह सकेंगे, क्योंकि मंदिर और प्रमुख घाटों के आसपास ‘डिजिटल लगेज लॉकर’ लगाए जाएंगे।
अक्सर दर्शन और गंगा स्नान के लिए आने वाले यात्रियों को अपने सामान की सुरक्षा को लेकर चिंता रहती है। इसी समस्या को देखते हुए प्रशासन ने यह कदम उठाया है। इन डिजिटल लॉकरों में मोबाइल फोन, बैग, सूटकेस और अन्य कीमती सामान सुरक्षित रखा जा सकेगा।
जानकारी के अनुसार, इन लॉकरों का उपयोग पूरी तरह डिजिटल होगा और भुगतान भी ऑनलाइन माध्यम से किया जा सकेगा। इससे यात्रियों को सामान साथ लेकर घूमने की परेशानी से राहत मिलेगी।
नगर प्रशासन के मुताबिक, ये डिजिटल लगेज लॉकर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के आसपास, दशाश्वमेध घाट, गोदौलिया, टाउन हॉल और बेनियाबाग पार्किंग जैसे प्रमुख स्थानों पर लगाए जाएंगे। कुल मिलाकर लगभग 225 लॉकर उपलब्ध कराए जाने की योजना है, जिनमें छोटे, मध्यम और बड़े आकार के विकल्प होंगे।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक अनुभव देना है। उन्होंने कहा कि इससे विशेषकर देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी।
वाराणसी, जो करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है, वहां इस सुविधा के शुरू होने से पर्यटन और तीर्थ यात्रा को और अधिक सुगम और सुरक्षित बनाने में मदद मिलेगी।

