छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में चार्टर्ड विमान क्रैश होने की सूचना के बाद फैली दहशत पर अब स्थिति स्पष्ट हो गई है। जिला प्रशासन ने बताया है कि गहन सर्च ऑपरेशन के बावजूद आरा पहाड़ और आसपास के क्षेत्रों में किसी भी तरह के विमान हादसे के साक्ष्य नहीं मिले हैं।
दरअसल, सोमवार को नारायणपुर क्षेत्र में धुआं उठने की सूचना मिली थी, जिसके बाद आशंका जताई गई कि कोई चार्टर्ड विमान आरा पहाड़ से टकराकर क्रैश हो गया है। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और तलाशी अभियान शुरू किया गया।
जांच के दौरान ड्रोन कैमरों की मदद से पूरे क्षेत्र की बारीकी से निगरानी की गई, लेकिन कहीं भी विमान का मलबा या कोई अन्य अवशेष नहीं मिला। साथ ही आसपास के ग्रामीणों ने भी किसी धमाके या दुर्घटना की आवाज सुनने से इनकार किया है।
जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास ने बताया कि सभी संभावित स्थानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन अब तक किसी भी प्रकार का साक्ष्य नहीं मिला है। उन्होंने यह भी बताया कि झारखंड, कोलकाता और भुवनेश्वर एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से भी संपर्क किया गया, जहां से पुष्टि हुई कि कोई भी विमान या हेलीकॉप्टर लापता नहीं है।
फिलहाल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विमान हादसे की सूचना गलत या अफवाह प्रतीत हो रही है, और इलाके में निगरानी जारी रखी गई है।

