31 लाख के कर्ज से परेशान व्यक्ति ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट मिला

Bole India
1 Min Read

झुंझुनूं जिले के चिड़ावा क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक दुखद घटना सामने आई, जब 50 वर्षीय व्यक्ति ने ट्रेन के आगे आकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, सूरजगढ़ तहसील के रामरख की ढाणी निवासी विनोद पुत्र श्रीचंद पूनिया डेयरी व्यवसाय और खेती का कार्य करते थे। बताया जा रहा है कि वे लंबे समय से आर्थिक परेशानियों और कर्ज के दबाव से जूझ रहे थे।

घटना स्थल से पुलिस को एक सुसाइड नोट और बैंक का नोटिस मिला है, जिसमें लगभग 31 लाख रुपये से अधिक के बकाया लोन का उल्लेख है। सुसाइड नोट में व्यवसाय में लगातार हो रहे नुकसान और बैंक के दबाव के कारण मानसिक तनाव का जिक्र किया गया है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। शव को पोस्टमार्टम के लिए चिड़ावा उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

मृतक अपने पीछे दो बच्चों को छोड़ गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Share This Article
Leave a Comment