हिमाचल में सुक्खू सरकार का बड़ा एक्शन, यौन उत्पीड़न में 3 असिस्टेंट प्रोफेसर बर्खास्त

Bole India
2 Min Read

शिमला: हिमाचल प्रदेश सरकार ने शिक्षण संस्थानों में छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सख्त कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में सरकार ने यौन उत्पीड़न के मामलों में संलिप्त पाए गए तीन असिस्टेंट प्रोफेसरों को तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त कर दिया है।

शिक्षा विभाग द्वारा की गई जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद यह कार्रवाई की गई। विभाग ने स्पष्ट किया है कि शैक्षणिक संस्थानों में किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या अनुशासनहीनता को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

बर्खास्त किए गए शिक्षकों में डॉ. अनिल कुमार (सरकारी कॉलेज नादौन, केमिस्ट्री), पवन (जवाहरलाल नेहरू गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ फाइन आर्ट्स, शिमला) और डॉ. वीरेंद्र शर्मा (सरकारी कॉलेज तीसा, गणित) शामिल हैं।

सरकार के आदेशों के अनुसार, इन शिक्षकों को केवल सेवा से ही नहीं हटाया गया है, बल्कि भविष्य में किसी भी सरकारी नौकरी के लिए भी अयोग्य घोषित कर दिया गया है।

राज्य सरकार के इस कदम को शिक्षा संस्थानों में अनुशासन बनाए रखने और छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। विभाग ने दोहराया है कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में बिना किसी ढिलाई के कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Share This Article
Leave a Comment