अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत से पहले प्रशासन ने हॉस्टल व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए विशेष अभियान शुरू कर दिया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने साफ किया है कि हॉस्टलों में रह रहे सभी छात्रों की सघन जांच की जाएगी और जो छात्र बिना पंजीकरण के रह रहे हैं, उन्हें हॉस्टल से हटाया जाएगा।
प्रशासन की ओर से यह कदम कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से उठाया गया है। इसके लिए कई टीमें गठित की गई हैं, जो अलग-अलग हॉस्टलों में जाकर निरीक्षण करेंगी और छात्रों की गतिविधियों पर नजर रखेंगी। साथ ही, किसी भी संदिग्ध या अनुशासनहीन गतिविधि की सूचना देने वाले छात्रों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
AMU प्रशासन ने यह भी बताया कि विश्वविद्यालय में विदेशी छात्रों की सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। विशेष रूप से मिडिल ईस्ट से आने वाले छात्रों के लिए अलग से स्पेशल हॉस्टल और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था की योजना बनाई जा रही है। वर्तमान में विश्वविद्यालय में मिडिल ईस्ट के लगभग 41 छात्र अध्ययन कर रहे हैं।
विदेश विभाग के अधिकारी प्रोफेसर मोहम्मद नवेद अहमद खान ने बताया कि विश्वविद्यालय विदेशी छात्रों की शिक्षा और उनकी समस्याओं को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है। किसी भी आपात स्थिति में छात्र सीधे प्रशासन से संपर्क कर सकते हैं और उन्हें हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
AMU प्रशासन नए सत्र से पहले हॉस्टल व्यवस्था को सुरक्षित, अनुशासित और बेहतर बनाने के लिए पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है।

