नवजोत कौर सिद्धू ने राघव चड्ढा को दी सराहना, भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी का किया ऐलान

Bole India
2 Min Read

पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले नवजोत कौर सिद्धू ने अपनी नई पार्टी भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी का औपचारिक तौर पर ऐलान कर दिया है। बुधवार (8 अप्रैल) को चंडीगढ़ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा से जुड़े सवाल का भी जवाब दिया।

राघव चड्ढा के काम की सराहना
राघव चड्ढा से जुड़े सवाल पर नवजोत कौर सिद्धू ने कहा, “मुझे लगता है कि राघव चड्ढा अच्छे इंसान हैं। उन्होंने कई अच्छे मुद्दे उठाए। चाहे मोदी हों, राहुल गांधी हों या प्रियंका गांधी हों, जो भी अच्छा काम करेगा, मैं उसकी सराहना करूंगी। जो उन्हें करना है, करें, मुझे इसकी जानकारी नहीं।”

भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी और सीएम चेहरा
नवजोत कौर ने बताया कि भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी 2015 से पहले से कैंची चिन्ह पर काम कर रही है और हर राज्य में इसकी इकाई मौजूद है। जब उनसे पूछा गया कि विधानसभा चुनाव में पार्टी का मुख्यमंत्री चेहरा वे होंगी, तो उन्होंने हां में जवाब दिया।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनके पति नवजोत सिंह सिद्धू का इस पार्टी से कोई संबंध नहीं है। “वो अभी अपने टीवी काम में व्यस्त हैं। 2022 के बाद उन्हें किसी मीटिंग में बुलाया नहीं गया और न ही उनसे कोई राय ली गई,” उन्होंने कहा।

राजनीति और व्यक्तिगत रिश्तों पर टिप्पणी
राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के प्रति अपने प्रेम और सम्मान का ज़िक्र करते हुए नवजोत कौर सिद्धू ने कहा, “मैं राहुल गांधी को आज भी भाई और प्रियंका गांधी को बहन मानती हूं। मुझे उनसे बहुत प्यार है। मोदी जी के लिए इज्जत है। मेरी इज्जत सबके लिए है, चाहे वह सुखबीर सिंह बादल हों या भगवंत मान। मैं सिर्फ अच्छे काम की सराहना करती हूं।”

Share This Article
Leave a Comment