शिमला: मुस्लिम निकाह पर विवाद, हिंदू संघर्ष समिति ने राम मंदिर हॉल में शादी पर रोक की चेतावनी दी

Bole India
2 Min Read

शिमला में राम मंदिर हॉल में 11 अप्रैल को एक मुस्लिम लड़की के निकाह को लेकर तनाव बढ़ गया है। शिमला की ईदगाह कॉलोनी निवासी मोहम्मद नासिर अपनी बेटी का निकाह सूद सभा द्वारा संचालित इस हॉल में करवाने जा रहे हैं।

इस मामले पर हिंदू संघर्ष समिति ने कड़ा विरोध जताया है। समिति के नेता विजय शर्मा और मदन ठाकुर ने चेतावनी दी कि अगर हॉल में निकाह संपन्न हुआ, तो बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने विरोध स्वरूप सुअरों की बारात निकालने और मुंडन तक की धमकी दी।

वहीं, सूद सभा के अध्यक्ष राजीव सूद ने कहा कि वे सभी धर्मों का सम्मान करते हैं। उनका कहना है कि राम मंदिर हॉल में पहले भी मुस्लिम परिवारों के निकाह हो चुके हैं और यह कोई नई घटना नहीं है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि संविधान और सूद सभा के नियम किसी को धर्म के आधार पर रोकने की अनुमति नहीं देते। हॉल में मांस, मछली और मदिरा पर प्रतिबंध है और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाता है। पिछले पांच वर्षों में 15 से अधिक मुस्लिम परिवारों के निकाह इसी हॉल में संपन्न हो चुके हैं।

बढ़ते विवाद के बीच सूद सभा ने मंगलवार को बैठक बुलाई है, जिसमें आगे का फैसला लिया जाएगा। अब देखना यह है कि मामला शांत होता है या विरोध और बढ़ता है।

Share This Article
Leave a Comment