उत्तराखंड में 20,000 से अधिक बूथ लेवल एजेंट तैनात, निर्वाचन आयोग ने शत-प्रतिशत नियुक्ति का लक्ष्य रखा

Bole India
2 Min Read

उत्तराखंड में आगामी मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) अभियान से पहले चुनावी तैयारियां तेज़ हो गई हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम की सक्रिय पहल और भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत प्रदेश के राष्ट्रीय राजनीतिक दलों ने अब तक कुल 20,863 बूथ लेवल एजेंट्स (BLA) की नियुक्ति कर दी है।

आंकड़ों पर नजर डालें तो भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने सबसे अधिक 10,551 बीएलए तैनात किए हैं, जो अपने लक्ष्य का 89 प्रतिशत है। वहीं, इंडियन नेशनल कांग्रेस (INC) ने 9,869 बीएलए नियुक्त कर 84 प्रतिशत का आंकड़ा छुआ है। इसके अलावा, सीपीआई (एम) ने 326 और बहुजन समाज पार्टी ने 117 बीएलए तैनात किए हैं। प्रदेश के 13 जिलों में से 5 जिलों में दोनों प्रमुख दलों ने अपने सभी बूथों पर शत-प्रतिशत बीएलए तैनात कर दिए हैं।

बीएलए की अहम भूमिका

बूथ लेवल एजेंट राजनीतिक दलों और निर्वाचन आयोग के बीच की कड़ी होते हैं। SIR के दौरान वे मतदाता सूची को दुरुस्त करने में अहम भूमिका निभाते हैं। नए मतदाताओं को जोड़ना, दोहरी प्रविष्टियां हटाना, मृत या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम निकालना—ये सभी काम बीएलए की सक्रिय भागीदारी के बिना संभव नहीं हैं।

शत-प्रतिशत नियुक्ति की अपील

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. पुरुषोत्तम ने राजनीतिक दलों द्वारा की गई प्रगति की सराहना की और शेष बूथों पर भी जल्द बीएलए नियुक्त करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे SIR अभियान बिना रुकावट और पूरी पारदर्शिता के साथ चल सकेगा और अगली बार मतदाता सूची पूरी तरह विश्वसनीय होगी।

Share This Article
Leave a Comment