अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को सीधे चेतावनी देते हुए कहा है कि मंगलवार रात “एक पूरी सभ्यता की मौत होने वाली है।” ट्रंप ने ईरान को समझौता करने के लिए मंगलवार को वॉशिंगटन समय के अनुसार रात 8 बजे तक का समय दिया।
ईरान की ओर से इस पर अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) ने कहा कि उसने अब तक “काफी संयम” दिखाया है। आईआरजीसी ने चेतावनी दी है कि अगर अमेरिकी सेना सीमा पार करती है, तो उनका जवाब क्षेत्र से बाहर तक जाएगा और अमेरिका व उसके सहयोगियों के ढांचे (इन्फ्रास्ट्रक्चर) को निशाना बनाया जाएगा। साथ ही, क्षेत्र में तेल और गैस की सप्लाई को कई साल तक बाधित किया जा सकता है।
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर क्या लिखा?
ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल अकाउंट पर लिखा:
“एक पूरी सभ्यता आज रात खत्म हो जाएगी और फिर कभी वापस नहीं आएगी। मैं ऐसा नहीं चाहता, लेकिन शायद ऐसा हो सकता है। अब जब शासन परिवर्तन पूरी तरह हो चुका है और समझदार लोग आगे आए हैं, शायद कुछ क्रांतिकारी अच्छा हो सकता है। हमें आज रात इसका पता चलेगा। यह दुनिया के सबसे अहम क्षणों में से एक है।”
उन्होंने कहा कि 47 साल की जबरन वसूली, भ्रष्टाचार और मौत का दौर अब खत्म होगा और ईश्वर ईरान के लोगों की रक्षा करे।
अमेरिका की प्रतिक्रिया और डेडलाइन
अमेरिका के उप-राष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा कि “अब गेंद ईरान के पाले में है।” उन्होंने उम्मीद जताई कि ईरान समय पर जवाब देगा। ट्रंप की डेडलाइन के अनुसार, ईरान को होर्मुज़ स्ट्रेट खोलना होगा, जहां से दुनिया भर की तेल सप्लाई का 20% हिस्सा जाता है।
ट्रंप ने क्या चेतावनी दी थी?
ट्रंप ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा था कि ईरान को एक ही रात में खत्म किया जा सकता है अगर वह अमेरिका की शर्तों पर सहमत नहीं होता। उनके साथ प्रेस कॉन्फ़्रेंस में अमेरिकी ज्वाइंट चीफ़्स ऑफ़ स्टाफ जनरल डैन केन और रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ मौजूद रहे।
पिछले सप्ताह ही अमेरिकी सुरक्षा बलों ने दक्षिणी ईरान में एक एफ़-15 लड़ाकू विमान के दो क्रू सदस्यों को सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया था।

