पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने सोमवार को राजनीतिक क्षेत्र में नया कदम रखते हुए ‘भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी’ के गठन की घोषणा की। कांग्रेस से निष्कासित होने के बाद यह उनकी पहली राजनीतिक पहल है। इसके साथ ही बीजेपी में शामिल होने की अटकलों पर भी फिलहाल विराम लग गया है।
सोशल मीडिया पर साझा किए गए पोस्ट में नवजोत कौर सिद्धू ने कहा कि उन्होंने राजनीतिक नेताओं के कामकाज का बारीकी से विश्लेषण करने के बाद देश के लिए एक नया विकल्प तैयार किया है। उनका उद्देश्य लोगों को उनके हक और अपेक्षाओं का सम्मान लौटाना है।
कौर ने इसे ईश्वरीय हस्तक्षेप बताते हुए कहा कि समान विचारधारा वाले लोग अब उनके साथ जुड़ रहे हैं, जिनमें हर राज्य में काम करने की क्षमता, साहस और दृढ़ संकल्प है। उनका लक्ष्य न्याय और शांति स्थापित करना और ‘वाहेगुरु जी’ की इच्छानुसार काम करना है।
नवजोत कौर सिद्धू ने पंजाब के लिए अपने विजन का भी उल्लेख किया। उनका कहना है कि उनका उद्देश्य पंजाब को ऐसा राज्य बनाना है जहाँ प्रेम, सहयोग, न्याय और स्वतंत्रता की शक्ति को पहचाना जाए। राज्य की सरकार पूरी तरह लोगों की, लोगों के लिए और लोगों द्वारा चलाई जाएगी।

