उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राज्य के विकास में केंद्र सरकार के सहयोग और मार्गदर्शन के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया और उत्तराखंड आने का औपचारिक निमंत्रण भी दिया।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को टिहरी स्थित मां सुरकंडा देवी की प्रतिकृति, बद्री गाय का घी, विभिन्न जिलों के राजमा और शहद भेंट किए। उन्होंने हरिद्वार कुम्भ 2027 के लिए 500 करोड़ रुपये की सहायता, नदी जोड़ो परियोजना की फिजिबिलिटी स्टडी, राजाजी नेशनल पार्क के चौरासी कुटिया विकास और अन्य बुनियादी परियोजनाओं में सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
बैठक में मुख्यमंत्री ने कई अहम मांगें भी रखीं। उन्होंने दिल्ली-Meerut RRTS परियोजना का विस्तार हरिद्वार और ऋषिकेश तक करने का अनुरोध किया। साथ ही राज्य में डिफेंस उपकरण निर्माण इकाइयों की स्थापना, कोटद्वार, हरिद्वार और देहरादून में औद्योगिक हब विकसित करने और चिन्यालीसौड़ एयरस्ट्रिप के विस्तार पर जोर दिया।
उन्होंने दिल्ली-हल्द्वानी एक्सप्रेस-वे के निर्माण का प्रस्ताव रखते हुए कहा कि इससे काशीपुर, रुद्रपुर, पंतनगर एयरपोर्ट और जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क तक आवागमन आसान होगा। रेल कनेक्टिविटी के विस्तार के तहत ऋषिकेश-कर्णप्रयाग परियोजना, टनकपुर-बागेश्वर लाइन और हरिद्वार-देहरादून रेल डबलिंग जैसे प्रस्ताव भी रखे गए।
मुख्यमंत्री ने राज्य की प्रमुख योजनाओं और उपलब्धियों की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि होम-स्टे योजना के तहत 6000 से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं और “Uttarastays” पोर्टल के माध्यम से स्थानीय लोगों को रोजगार मिल रहा है। साथ ही सौर स्वरोजगार योजना, उद्यमशाला योजना और डिजिटल डेटाबेस जैसी पहलों से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है।
अंत में, मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को उत्तराखंड में विभिन्न परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रमों में शामिल होने का आमंत्रण दिया, जिसमें दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे और टिहरी पम्प्ड स्टोरेज प्लांट जैसी परियोजनाएं शामिल हैं।
