उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में अपनी डेढ़ वर्षीय भांजी के साथ दुष्कर्म के आरोपी मामा को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह घटना खतौली कोतवाली क्षेत्र के मोहिद्दीनपुर गांव की है। जानकारी के अनुसार गुरुवार को आरोपी ने अपनी डेढ़ साल की मासूम भांजी के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया और इसके बाद मौके से फरार हो गया। घटना के बाद परिजनों ने गंभीर रूप से घायल बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी। देर रात पमनावली चौकी क्षेत्र में पुलिस द्वारा संदिग्ध वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया, लेकिन उसने भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग कर दी।
पुलिस के अनुसार आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मौके से पुलिस ने एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस भी बरामद किए हैं।
सीओ खतौली रामाशीष यादव ने बताया कि घायल आरोपी को तुरंत अस्पताल भेजा गया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
