नीब करोरी बाबा के भक्तों के लिए बड़ी खबर, दिल्ली-लखनऊ से शुरू होंगे खास टूर पैकेज

shikha verma
2 Min Read

श्रद्धेय संत नीब करोरी बाबा की आध्यात्मिक विरासत को देश-दुनिया के श्रद्धालुओं तक पहुंचाने के लिए उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। बाबा के महासमाधि दिवस के अवसर पर प्रदेश में उनके जीवन और साधना से जुड़े प्रमुख स्थलों को जोड़कर ‘नीब करोरी बाबा सर्किट’ विकसित किया जा रहा है।

इसी क्रम में उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए पांच विशेष टूर पैकेज शुरू किए हैं। इन पैकेजों के तहत दो, तीन और पांच दिन की यात्राओं का विकल्प उपलब्ध होगा। पर्यटकों की मांग के अनुसार इन यात्राओं का संचालन दिल्ली और लखनऊ से किया जाएगा।

इसके अलावा फिरोजाबाद और फर्रुखाबाद में बाबा से जुड़े स्थलों पर पर्यटन सुविधाओं और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए करीब 12.93 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है।

अकबरपुर में विकसित हो रहीं आधुनिक पर्यटन सुविधाएं

फिरोजाबाद के अकबरपुर को बाबा नीब करोरी की जन्मस्थली के रूप में विकसित किया जा रहा है। परियोजना के पहले चरण में पर्यटन सुविधाओं के विकास पर 8.65 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। वहीं 2.22 करोड़ रुपये की दूसरे चरण की परियोजना का 60 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा हो चुका है। इसे दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

अकबरपुर में 55.44 लाख रुपये की ग्रामीण पर्यटन परियोजना भी जल्द शुरू की जाएगी। इसके तहत प्रवेश द्वार, साइनेज, म्यूरल वॉल और पर्यटकों के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

परियोजना के तहत यहां बहुद्देशीय सभागार, सांस्कृतिक ब्लॉक और बाबा के जीवन एवं आध्यात्मिक यात्रा पर आधारित आधुनिक प्रदर्शनी हॉल बनाया जा रहा है। इसके साथ डाइनिंग हॉल, 50 लोगों की क्षमता वाली कैफेटेरिया, रसोई, शौचालय और करीब 60 लोगों के ठहरने के लिए डॉरमेट्री की सुविधा भी विकसित की जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment