पांच बार में निकाली रकम
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। जानकीपुरम थाना क्षेत्र के जानकीपुरम विस्तार निवासी एक व्यक्ति के बैंक खाते से साइबर जालसाजों ने महज 17 मिनट के भीतर पांच बार में 3. 25 लाख रुपए से अधिक की रकम पार कर दी। पीड़ित को खाते से रकम निकलने की जानकारी होने पर उसने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराने के साथ ही जानकीपुरम थाने में तहरीर दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकीपुरम विस्तार निवासी रमेशचन्द्र श्रीवास्तव के मुताबिक पांच सितंबर को सुबह 11:28 से 11:45 बजे के बीच उनके इंडियन बैंक खाते से लगातार यूपीआई ट्रांजेक्शन हुए
पहले 50 हजार, इसके बाद 99 हजार, फिर 50 हजार, 79,397.71 रुपए और अंत में 46,900 रुपए निकाल लिए गए। इस तरह कुल 3,25,297.71 रुपए खाते से निकल गए। पीड़ित का कहना है कि उसने किसी भी लेनदेन की सहमति नहीं दी थी। मामले में साइबर सेल की शिकायत दर्ज है। पीड़ित ने रकम वापस कराने के साथ आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। जानकीपुरम थाना प्रभारी विनोद कुमार तिवारी के मुताबिक मामले की जांच कर साइबर लेनदेन से जुड़े विवरण खंगाले जा रहे हैं
स्रोत: www.thehindipioneer.com


