2027 के रण के लिए भाजपा का शंखनाद, हल्द्वानी में कार्यसमिति का महामंथन

Nikhil Malhotra
2 Min Read

नितिन नवीन बोले- पहाड़ की ऊर्जा से मिलती है देशसेवा की ताकत

पायनियर समाचार सेवा। हल्द्वानी। हल्द्वानी में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का दूसरा सत्र राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की मौजूदगी में शुरू हुआ। उनके पहली बार कुमाऊं दौरे पर पहुंचने से कार्यकर्ताओं में उत्साह नजर आया। बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष, मंत्री, विधायक और वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। सुबह के पहले सत्र में संगठन के कार्यक्रमों और अभियानों की समीक्षा की गई।

दूसरे सत्र में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठन को मजबूत करने और सरकार के कामकाज को लेकर विस्तृत मंथन हुआ। मुख्यमंत्री धामी ने कार्यकर्ताओं को पार्टी का ब्रांड एंबेसडर बताते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की पहचान वैश्विक स्तर पर मजबूत हुई है। उन्होंने कार्यकतार्ओं से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होने और सरकार की योजनाओं को घर-घर पहुंचाने का आह्वान किया

देवभूमि की ऊर्जा से देशसेवा को मिलती है नई ताकत

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने हल्द्वानी में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के दौरान देवभूमि और कुमाऊं की आध्यात्मिक ऊर्जा का उल्लेख करते हुए कहा कि पहाड़ों की धरती के वातावरण में एक अलग तरह की शक्ति है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस ऊर्जा को महसूस करते हैं और यही ऊर्जा उन्हें निरंतर देशसेवा के लिए प्रेरित करती है। नितिन नवीन ने मां नयना देवी को प्रणाम करते हुए बाबा नीम करोली महाराज को भी श्रद्धापूर्वक याद किया।

उन्होंने कहा कि बाबा नीम करोली महाराज का आशीर्वाद हम सभी पर बना रहे। इस दौरान उन्होंने बाबा नीम करोली महाराज पर आधारित हनुमान अंश फिल्म देखने की इच्छा भी जाहिर की। बता दें कि उनके इस संदेश में देवभूमि की आध्यात्मिक विरासत, प्रधानमंत्री मोदी के प्रति विश्वास और देशसेवा के संकल्प का भाव प्रमुखता से उभरकर सामने आया है

स्रोत: www.thehindipioneer.com

Share This Article