भारतीय स्कीइंग एवं पर्वतारोहण संस्थान गुलमर्ग के तीन कोर्स शुरू, देशभर से पहुंचे प्रतिभागी
पायनियर समाचार सेवा। टिहरी। भारतीय स्कीइंग एवं पर्वतारोहण संस्थान गुलमर्ग की ओर से टिहरी झील में वाटर स्कीइंग के प्रशिक्षण कोर्स शुरू किए गए हैं। पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन संचालित संस्थान की ओर से पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी झील में बेसिक, इंटरमीडिएट और एडवांस स्तर के तीन वाटर स्कीइंग कोर्स आयोजित किए जा रहे हैं। इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों में देश के विभिन्न राज्यों से प्रतिभागी हिस्सा लेने पहुंचे हैं।
इस वर्ष कुल 28 प्रतिभागियों ने नामांकन कराया था, जिनमें से 24 प्रतिभागियों ने संस्थान में रिपोर्ट किया है। संस्थान के अधिकारियों के अनुसार टिहरी झील का स्वच्छ और अनुकूल जल वाटर स्पोर्ट्स एवं वाटर स्कीइंग के लिए बेहद उपयुक्त है। झील की भौगोलिक स्थिति और प्राकृतिक वातावरण को देखते हुए पर्यटन मंत्रालय ने इस वर्ष भी यहां तीन वाटर स्कीइंग कोर्स संचालित करने की अनुमति दी है।
आईआई गुलमर्ग के प्रधानाचार्य कर्नल ईश्वर सिंह थापा, सेना मेडल एवं विशिष्ट सेवा मेडल ने बताया कि संस्थान का उद्देश्य उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देना है। इसी दिशा में इस वर्ष उत्तराखंड में टिहरी झील में तीन वाटर स्कीइंग और ऋषिकेश में दो रिवर राफ्टिंग कोर्स संचालित करने की स्वीकृति दी गई है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों से उत्तराखंड में वाटर स्पोर्ट्स और साहसिक पर्यटन को नई पहचान मिलने के साथ ही स्थानीय स्तर पर पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर भारतीय स्कीइंग एवं पर्वतारोहण संस्थान गुलमर्ग की असिस्टेंट डायरेक्टर रेनू बामरारा, कोर्स इंचार्ज प्रवीण सिंह, इंस्ट्रक्टर अरविंद, खलील और शबीर सहित छात्र-छात्राएं इश्वीन, अमलेश, कुश, निकिता, अस्मित मित्तल, नेहा जोशी, गौरी, वर्षा अग्रवाल और अनुराग पांडे आदि मौजूद रहे
स्रोत: www.thehindipioneer.com


