मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के लिए मंगलवार को कई बड़ी घोषणाएं कीं। सरकार अब आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय 8 हजार से बढ़ाकर 12 हजार रुपये और सहायिकाओं का मानदेय 4 हजार से बढ़ाकर 6 हजार रुपये प्रतिमाह करेगी।
इसके साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और उनके परिवारों को हर साल 5 लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। अब उन्हें दो की जगह तीन साड़ियां भी मिलेंगी। आंगनबाड़ी केंद्रों को स्मार्ट बनाने के लिए स्मार्टफोन और रियल टाइम डाटा व्यवस्था लागू करने की भी घोषणा की गई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या धाम में आईसीडीएस के तहत आयोजित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम से प्रदेश के सभी 75 जिलों की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं भी जुड़ीं।
2017 के बाद लगातार बढ़ा मानदेय
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 में सरकार बनने के समय आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को महज 3 हजार रुपये मानदेय मिलता था। सरकार ने इसे प्रदर्शन आधारित व्यवस्था से जोड़ते हुए 8 हजार रुपये किया और अब इसे बढ़ाकर 12 हजार रुपये किया जा रहा है।
इसी तरह सहायिकाओं का मानदेय पहले 1,500 रुपये था, जिसे बढ़ाकर 4 हजार और अब 6 हजार रुपये किया जाएगा।
योगी ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं ने एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर गांव-गांव स्क्रीनिंग, जागरूकता और संक्रमित लोगों की सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


